DniNews.Live

मैनपुरी में महिला से चेन स्नैचिंग, 18 घंटे में खुलासा:पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से की पहचान, दो आरोपी पकड़े

मैनपुरी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की वारदात का पुलिस ने 18 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 18 ग्राम सोने की चेन बरामद की है। यह घटना 26 मार्च की शाम को हुई थी। वंशी गोहरा निवासी कल्पना चौहान अपनी दुकान से घर लौट रही थीं, तभी पीछे से आए एक युवक ने उनकी गर्दन पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली। आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए। एसपी सिटी अरुण कुमार ने बताया कि इस वारदात में दो युवक शामिल थे। एक आरोपी ने पीछे से चेन छीनी, जबकि दूसरा पहले से आगे खड़ा था। दोनों मिलकर घटनास्थल से भाग निकले। पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मिली, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 18 घंटे में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से छीनी गई सोने की चेन भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चेन को बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें पकड़ लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सलमान अली उर्फ सल्लू और एक नाबालिग के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। पूछताछ में दोनों ने वारदात को अंजाम देना कबूल किया है। पीड़ित महिला कल्पना चौहान ने पुलिस की इस कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें इतनी जल्दी अपनी चेन वापस मिलने की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने बताया कि घटना के समय एक आरोपी उनके पास आया था, जबकि दूसरा आगे खड़ा था और दोनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। महिला ने बताया कि उन्होंने कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपियों को पकड़ लिया और उनकी चैन बरामद कर ली।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *