मैनपुरी में महिला ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप:पूर्व सैनिक की पत्नी बोली- पुलिस ने ताला तुड़वाकर घर पर कब्जा कराया, मोबाइल छीना
![]()
मैनपुरी में महिला ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप:पूर्व सैनिक की पत्नी बोली- पुलिस ने ताला तुड़वाकर घर पर कब्जा कराया, मोबाइल छीना
मैनपुरी से एक वीडियो सामने आया है। मामला एक पूर्व सैनिक के घर पर कथित अवैध कब्जे से जुड़ा है। वीडियो में दिख रहा है कि एक महिला से मोबाइल छीना जा रहा है। पीड़ित महिला सावित्री देवी, जो एक पूर्व सैनिक की पत्नी हैं, ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामला औंछा थाना क्षेत्र के ग्राम भगवन्तपुर का है। सावित्री देवी का आरोप है कि 31 मार्च 2026 को कुछ दबंगों ने पुलिस की मौजूदगी में उनके मकान पर कब्जा कर लिया। महिला के मुताबिक, राजेंद्र सिंह, तेजपाल और अन्य लोगों ने औंछा थाने की पुलिस के साथ मिलकर जबरन ताला खुलवाया और घर पर कब्जा कर लिया। महिला का कहना है कि यह कार्रवाई बिना किसी वैधानिक प्रक्रिया के की गई, जिससे परिवार को मानसिक और सामाजिक रूप से गहरा आघात पहुंचा है। हेड कांस्टेबल ने महिला से मोबाइल छीना महिला ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने अपने बेटे को सूचना देने के लिए मोबाइल निकाला, तो मौके पर मौजूद हेड कांस्टेबल बांकेलाल ने उनका मोबाइल छीन लिया। वीडियो में भी मोबाइल छीने जाने जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। आरोप यह भी है कि इस दौरान महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया और मौके पर कोई महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी। उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग इस संबंध में क्षेत्रीय लेखपाल नरेंद्र कुमार से जानकारी ली गई, तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं है और वे मौके पर मौजूद नहीं थे। इससे कार्रवाई की वैधता को लेकर और संदेह गहरा गया है। पीड़ित महिला ने उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
