मैनपुरी में एंबुलेंस ने बच्ची को रौंदा, मौत:ड्राइवर फरार, दादी के साथ खेत जाते समय हुआ हादसा
![]()
मैनपुरी में एंबुलेंस ने बच्ची को रौंदा, मौत:ड्राइवर फरार, दादी के साथ खेत जाते समय हुआ हादसा
मैनपुरी में शनिवार शाम तेज रफ्तार सरकारी एंबुलेंस की टक्कर से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। घटना कुरावली थाना क्षेत्र के सिरसा मोड़ का है। शाम को करण सिंह की 5 वर्षीय बेटी विधि अपनी दादी गीता देवी के साथ खेत पर जा रही थी। रास्ते में दादी आगे निकल गईं, जबकि विधि पीछे रह गई। इसी दौरान कुरावली की ओर से आ रही तेज रफ्तार सरकारी एंबुलेंस ने बच्ची को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची सड़क किनारे जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोग जब तक मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी करते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद एंबुलेंस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता करण सिंह ने बताया कि उनकी बेटी कक्षा एक की छात्रा थी। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस के अनुसार, एंबुलेंस नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
