एटा जनपद के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में मैंगो शेक पीने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद खाद्य एवं सुरक्षा विभाग हरकत में आया और गांधी मार्केट स्थित मैंगो शेक की दुकान पर छापेमारी कर नमूने जांच के लिए भेजे। बीमार हुए लोगों को तत्काल एटा स्थित वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया। जानकारी के अनुसार, कैलाशगंज मोहल्ले के निवासी संध्या (20), मानसी (25), राज (21) और नव्या (15) ने शनिवार रात करीब 10 बजे गांधी मार्केट की एक दुकान से मैंगो शेक खरीदा था। घर आकर शेक पीने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
परिजनों ने बताया कि मैंगो शेक पीने के बाद चारों को अचानक उल्टी, घबराहट और कमजोरी महसूस होने लगी। हालत बिगड़ते देख परिवार के सदस्य उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए। देवेंद्र ने बताया कि बच्चों द्वारा लाया गया जूस पीने के बाद ही सभी की हालत खराब हुई थी। मामले की जानकारी मिलते ही खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. चमन लाल ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि गांधी मार्केट स्थित राशिद अली और आशीष कुमार की मैंगो शेक की दुकानों पर छापेमारी की गई। इन दुकानों से मैंगो शेक के नमूने लेकर विधि विज्ञान प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं। डॉ. चमन लाल ने यह भी बताया कि फिलहाल बीमार हुए परिवार के सदस्य स्वस्थ हैं और उन्हें अस्पताल से घर भेज दिया गया है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply