मेरठ स्थित चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की सेंट्रल लाइब्रेरी में मंगलवार को कैंपस के छात्रों को पढ़ने के लिए सीट नहीं मिली। नाराज छात्रों ने इसको लेकर विरोध जताया और रजिस्ट्रार से शिकायत की। छात्रों का आरोप था कि लाइब्रेरी में बड़ी संख्या में बाहरी छात्र बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं, जिससे कैंपस के छात्रों को जगह नहीं मिल पा रही है। हंगामे की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आया और चेकिंग अभियान चलाया।
छात्रों की शिकायत पर रजिस्ट्रार के निर्देश पर प्रोफेसर दुष्यन्त चौहान, लाइब्रेरियन जमाल अहमद सिद्दीकी और सुरक्षाकर्मियों की टीम को तुरंत सेंट्रल लाइब्रेरी भेजा गया। टीम ने लाइब्रेरी में चेकिंग अभियान चलाते हुए सभी छात्रों के आई कार्ड की जांच की। जांच के दौरान बड़ी संख्या में बाहरी छात्र पाए गए, जिन्हें लाइब्रेरी से बाहर कर दिया गया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
प्रोफेसर दुष्यन्त चौहान ने स्पष्ट किया कि सेंट्रल लाइब्रेरी केवल कैंपस के छात्र-छात्राओं के लिए है। बाहरी छात्रों के लिए निर्धारित शुल्क के साथ आई कार्ड बनवाकर अलग स्टडी रूम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जहां वे अध्ययन कर सकते हैं। चेकिंग अभियान के दौरान छात्र नेता अक्षय बैंसला, शुभम भड़ाना, रितिक जाटव, पवनीश यादव और अतुल भड़ाना सहित अन्य छात्र भी मौजूद रहे।

Leave a Reply