मेरठ में कुल 52,608 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ मिला है। यह वितरण उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से किए गए राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत हुआ। मुख्यमंत्री ने पूर्वदशम और दशमोत्तर कक्षाओं के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति तथा राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के लाभार्थियों को अनुदान वितरित किया। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) मेरठ के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में किया गया। जनपद मेरठ के एन.ए.एस. कॉलेज में जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रूहेल आजम, प्रो. मनोज अग्रवाल और डॉ. मीनाक्षी गर्ग ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र वितरित किए। इसके अतिरिक्त, जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से हाईस्कूल, इंटर कॉलेजों और अन्य उच्चतर शिक्षण संस्थानों में भी प्रमाण पत्र बांटे गए। वर्ष 2025-26 में मेरठ जनपद में विभिन्न वर्गों के छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ मिला। कक्षा 9-10 (हाईस्कूल) में अनुसूचित जाति के 2912, सामान्य वर्ग के 783, अन्य पिछड़ा वर्ग के 1994 और अल्पसंख्यक वर्ग के 1651 छात्रों को लाभ मिला। कक्षा 11-12 (इंटरमीडिएट) में अनुसूचित जाति के 3525, सामान्य वर्ग के 863, अन्य पिछड़ा वर्ग के 2441 और अल्पसंख्यक वर्ग के 1774 छात्रों को छात्रवृत्ति दी गई। अन्य समस्त उच्चतर कक्षाओं में अनुसूचित जाति के 7586, सामान्य वर्ग के 7957, अन्य पिछड़ा वर्ग के 16832 और अल्पसंख्यक वर्ग के 4740 छात्रों को लाभान्वित किया गया। इस प्रकार, सभी वर्गों को मिलाकर कुल 52,608 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ प्राप्त हुआ है। इस कार्यक्रम में शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य, अध्यापकगण और सभी वर्गों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply