मेरठ के भैंसाली बस अड्डे के बाहर एक रोडवेज बस की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। मृतक युवक बिजनौर के किरतपुर का निवासी था और किसी काम से मेरठ आया था। वापस लौटते समय भैंसाली बस अड्डे के सामने तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवक को तुरंत पीएल शर्मा जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने काफी प्रयास किए, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के परिजनों की तहरीर पर सदर बाजार थाने में बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।

Leave a Reply