मेरठ में हस्तिनापुर में क्षेत्र के नगली गाजरोली गांव में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। बोरिंग के दौरान 11000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक मिस्त्री गंभीर रूप से झुलस गया। देखें घटना से जुड़ी 3 तस्वीरे… बोरिंग करते समय हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, गांव निवासी श्यामलाल (करीब 46 वर्ष) अपने प्लॉट में पानी के लिए नल का बोरिंग करवा रहे थे। इसी दौरान बोरिंग में इस्तेमाल हो रहा लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही 11000 वोल्ट की विद्युत लाइन से टकरा गया। तेज करंट लगने से श्यामलाल और तारापुर निवासी मिस्त्री बुध सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। अस्पताल में तोड़ा दम घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। घायल बुध सिंह को तत्काल रामराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
वहीं श्यामलाल को हस्तिनापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मेरठ भेज दिया। मृतक अपने पीछे दो बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप ग्रामीणों का कहना है कि गांव में अवैध कॉलोनी काटी गई थी, जिसमें सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। कॉलोनी के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को न तो हटाया गया और न ही कोई सुरक्षा इंतजाम किए गए। जांच और मुआवजे की मांग ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

Leave a Reply