मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र में मंगलवार को सनसनी फैल गई, जब जागृति विहार रिंग रोड एक्सटेंशन स्थित सरायकाजी पुल के नीचे एक मासूम बच्चे का शव मिला। शव बुरी तरह सड़ा हुआ था और कुत्तों द्वारा नोचा जा रहा था। स्थानीय लोगों ने कुत्तों को शव नोचते देख पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मेडिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, मृतक बच्चे की उम्र लगभग 4 से 5 वर्ष है। बच्चे की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और उसके पास से कोई पहचान संबंधी वस्तु भी नहीं मिली है। पुलिस को आशंका है कि बच्चे की सामान्य परिस्थितियों में मौत के बाद शव को यहां दबाया गया होगा। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, शव कई दिन पुराना लग रहा था, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि घटना कुछ दिन पहले की हो सकती है। जिस स्थान पर यह शव मिला है, वह पहले भी कई घटनाओं को लेकर चर्चा में रहा है, जहां अजगर मिलने की घटनाएं सामने आई थीं और वन विभाग द्वारा सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया था। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और गुमशुदा बच्चों के मामलों से शव की पहचान जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Leave a Reply