मेरठ में शुक्रवार सुबह आए मौसम में बदलाव के बाद मौसम सुहावना हो गया। ठंडी हवाओं के चलने से लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली। दिनभर आसमान में हल्के बादल छाए रहे, जिससे तापमान भी सामान्य बना रहा और मौसम खुशनुमा महसूस हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिन यानी शनिवार और रविवार को मौसम मिला-जुला रहने की संभावना है। इस दौरान कभी धूप तो कभी बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि, तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है, जिससे लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत बनी रह सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले सप्ताह बीच-बीच में बादल छाने और बारिश होने का सिलसिला जारी रह सकता है। इससे दिन के तापमान में कमी आएगी और गर्मी का असर कुछ हद तक कम रहेगा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के मुताबिक, सोमवार और मंगलवार को एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से इन दिनों बारिश की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में आई गिरावट और ठंडी हवाओं ने मौसम को राहत भरा बना दिया।

Leave a Reply