DniNews.Live

मेरठ में दलित समाज के लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा:मोबाइल रिपेयरिंग के विवाद में आधा दर्जन घायल, दो की हालत गंभीर

मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के गांव कांशी में मंगलवार रात मोबाइल रिपेयरिंग के पैसे मांगने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान हुई मारपीट में दलित समाज के आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल लोगों को सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है। गांव निवासी सुनील पुत्र संतराम की मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है। मंगलवार देर शाम गांव का ही जावेद अपना मोबाइल ठीक कराने सुनील की दुकान पर आया था। मोबाइल ठीक होने के बाद सुनील ने जब जावेद से पैसे मांगे, तो जावेद ने बाद में देने की बात कहकर टाल दिया। रात करीब 9:30 बजे तक पैसे न मिलने पर सुनील ने अपने बेटे विवेक और विक्की को जावेद के घर भेजा।
आरोप है कि पैसे मांगने से नाराज जावेद ने अपने कई साथियों को बुला लिया। उन्होंने विवेक और विक्की पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर जब सुनील, नितिन और कपिल मौके पर पहुंचे, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को परतापुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। सुनील और कपिल की हालत गंभीर होने पर उन्हें सुभारती अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि इस झड़प में दूसरे पक्ष का भी एक युवक घायल हुआ है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। फिलहाल गांव में हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *