मेरठ में आज जाट बिरादरी शक्ति प्रदर्शन करेगी। सकौतीटांडा में अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद का आयोजन होगा। इसमें वीर शिरोमणि महाराजा सूरजमल की उत्तर प्रदेश की सबसे भव्य प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इस जाट महाकुंभ में पंजाब के मुख्यमंत्री आम आदमी पार्टी नेता भगवंत सिंह मान पहुंचेंगे। साथ ही राजस्थान से हनुमान बेनिवाल भी शिरकत करेंगे। देशभर से जुटेंगे जाट नेता बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत सहित देश भर के जाट समाज के दिग्गज शामिल होंगे। इस आयोजन का उद्देश्य समाज की एकता और नव-निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाना है। हितकारी किसान इंटर कॉलेज, सकौती टांडा में यह आयोजन होगा। समारोह में जाट एकता, शिक्षा, संस्कार, रोजगार और आरक्षण के मुद्दों पर चर्चा भी होगी। इसके साथ ही वेस्ट यूपी के बड़े जाट नेता, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा से लेकर देश के अन्य राज्यों से भी जाट नेता पहुंचेंगे। खापों के थांबेदार और चौधरी शामिल होंगे। यह आयोजन 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद और आने वाले 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जाट समाज की शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। मुजुफ्फरनगर से पूर्व सांसद, भाजपा नेता और पूर्व मंत्री रहे डॉ. संजीव बालियान इस आयोजन के लिए लगातार जनसंपर्क कर रहे थे। उनकी पर्दे के पीछे से इस पूरे आयोजन में महती भूमिका है। अनावरण समारोह की अध्यक्षता महाराजा विश्वेंद्र सिंह करेंगे, जो महाराजा सूरजमल की चौदहवीं पीढ़ी के वंशज हैं। मुख्य अतिथि के रूप में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply