मेरठ में चाइनीज मांझे से एक बाइक सवार युवक की गर्दन कट गई। खून से लथपथ युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसकी गर्दन पर 22 टांके लगाए हैं। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना मंगलवार रात हापुड़ रोड पर हुई। युवक बाइक से कुछ सामना लेने गया था। लौटते समय चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया। गला कटा, सड़क पर गिरी बाइक अहमद नगर के रहने वाले दानिश मंगलवार रात में अपनी बाइक से हापुड़ अड्डे पर सामान लेने गए थे। सामान लेकर घर लौटते समय तिरंगा गेट के पास अचानक चाइनीज मांझा उनके गले में फंस गया। इससे पहले कि दानिश कुछ समझ पाते, उनकी गर्दन पर गहरा घाव हो गया और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल दानिश को उठाकर शास्त्री नगर स्थित अर्जुन अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान तिरंगा गेट पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा। पावरलूम मशीन चलाने का काम करते अस्पताल में डॉक्टरों ने दानिश की गर्दन पर 22 टांके लगाए हैं। वह पावरलूम मशीन चलाने का काम करते हैं। मेरठ में तमाम दावों और निर्देशों के बावजूद चाइनीज मांझे से होने वाली घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर शहर में चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर सख्ती से रोक लगाने की मांग उठने लगी है।

Leave a Reply