DniNews.Live

मेरठ में एक पति के लिए दो पत्नियों में घमासान:पति की जमानत कराने पहुंचीं थी दोनों, मारपीट में दोनों पक्षो की तीन महिलाएं घायल

मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित कोर्ट परिसर में शुक्रवार शाम एक युवक की दो पत्नियां और उनके परिजन आपस में भिड़ गए। यह घटना तब हुई जब दोनों पत्नियां मारपीट के एक मामले में कोर्ट में पेश किए गए अपने पति की जमानत कराने पहुंची थीं। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें तीन महिलाएं घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार, देहली गेट थाना क्षेत्र के पूर्वा महावीर निवासी फुरकान का पहला निकाह लगभग 20 साल पहले गंगानगर निवासी शबाना से हुआ था। पारिवारिक विवाद के कारण उनके संबंधों में खटास आ गई। इसके बाद फुरकान ने करीब 8 साल पहले पूर्वा महावीर की ही रहने वाली शाहीन से दूसरा निकाह कर लिया। फुरकान वर्तमान में शाहीन के साथ पूर्वा महावीर में रहता है, जबकि उसकी पहली पत्नी शबाना गंगानगर में रहती है।
शुक्रवार को फुरकान का पड़ोस के एक युवक से विवाद हो गया था, जिसके बाद देहली गेट पुलिस ने उसे शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। इसी दौरान उसकी दोनों पत्नियां भी कोर्ट परिसर पहुंच गईं। कोर्ट परिसर में किसी बात को लेकर दोनों पत्नियों और उनके परिजनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सभी संबंधित महिलाओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मारपीट में घायल हुई दोनों पत्नियों और उनके साथ आई एक अन्य महिला को उपचार के बाद शांति भंग की धाराओं में चालान कर कोर्ट में पेश किया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *