![]()
मेरठ में आज भी बारिश की संभावना:6 डिग्री तक तापमान में आई गिरावट , AQI में सुधार होने से बेहतर हुई शहर की हवा
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते बीते पूरा दिन सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और दिनभर रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही। इससे पिछले कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी और उमस से लोगों को काफी राहत मिली। शाम तक मौसम ठंडा और सुहावना बना रहा, लेकिन रात करीब 11 बजे के बाद मौसम ने अचानक तेज रुख अख्तियार कर लिया। तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई, जो देर रात तक जारी रही। बारिश के दौरान कई स्थानों पर हवा की रफ्तार भी बढ़ी, जिससे पेड़ों की शाखाएं झूमती नजर आईं और सड़कों पर पानी भरने जैसी स्थिति भी बनी।
मौसम में आए इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर तापमान पर पड़ा। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक यूपी शाही के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला के आंकड़ों के मुताबिक अधिकतम तापमान: 27.5°C और न्यूनतम तापमान: 18.8°C दर्ज किया गया।
तापमान में इस गिरावट से दिन और रात दोनों समय मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और आरामदायक हो गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। इसके चलते बुधवार को भी आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। किसानों के लिए यह बारिश उन फसलों के लिए फायदेमंद है जिनमें इस समय नमी की जरूरत होती है। हालांकि, गेहूं के लिए यह बारिश नुकसानदायक है।
हवा की गुणवत्ता में सुधार
बारिश के कारण वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषक तत्वों में कमी आई है। मंगलवार को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 130 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि अगले 24 घंटे में भी बारिश जारी रहती है तो हवा की गुणवत्ता में और सुधार देखने को मिल सकता है।
बिजली व्यवस्था चरमराई, कई इलाकों में कटौती
तेज बारिश और हवाओं का असर शहर की बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। मंगलवार देर रात हुई बारिश के दौरान कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। गंगानगर, नौचंदी, ईशापुरम, विकासपुरी, सूरजकुंड और हापुड़ रोड सहित कई क्षेत्रों में बार-बार बिजली कटौती हुई। कुछ स्थानों पर ट्रिपिंग की समस्या के कारण लोग देर रात तक परेशान रहे। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बारिश और तेज हवाओं के कारण लाइनों में फॉल्ट आने से आपूर्ति प्रभावित हुई, जिसे ठीक करने का कार्य लगातार जारी रहा।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply