DniNews.Live

मेरठ में अगले दो दिन जारी रहेगा मौसम में बदलाव:हल्की बारिश की संभावना, वायु गुणवत्ता में सुधार

मेरठ में पिछले एक हफ्ते से लगातार मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। बीते दिन भी मौसम ने एक बार फिर करवट ली, आसमान में दिनभर घने बादल छाए रहे और रिमझिम फुहारों ने मौसम को सुहाना बना दिया। हल्की बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, साथ ही वायु प्रदूषण के स्तर में भी सुधार देखने को मिला है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव की मुख्य वजह सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ है। इसके प्रभाव से आने वाले 48 घंटों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहने की संभावना है। विभाग का अनुमान है कि इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। जबकि तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, दिनभर में 3.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बारिश का असर खेती पर भी सकारात्मक दिख रहा है। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल के लिए यह नमी फायदेमंद मानी जा रही है, जिससे दाने भरने और उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है। वहीं सरसों की फसल को भी इस बारिश से लाभ मिलने की संभावना है। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार, अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है, जिसमें बीच-बीच में हल्की बारिश और बादल छाए रहने की स्थिति रहेगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *