मेरठ कॉलेज के वाणिज्य विभाग द्वारा उद्यमिता एवं स्टार्टअप प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विभागाध्यक्ष प्रो. एस.के.एस. यादव के स्वागत संबोधन से हुआ। सेमिनार में मुख्य वक्ता के रूप में सीएस अमित गुप्ता ने विद्यार्थियों को उद्यमिता के महत्व, व्यवसाय की मूलभूत अवधारणाओं और स्टार्टअप की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने एकल स्वामित्व (प्रोप्राइटरशिप) और साझेदारी (पार्टनरशिप) जैसे व्यावसायिक ढांचों को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं के लिए स्टार्टअप एक बेहतर करियर विकल्प बनकर उभरा है, लेकिन इसके लिए सही योजना, कानूनी जानकारी और संसाधनों का समुचित उपयोग जरूरी है। केस स्टडी के जरिए उन्होंने बिजनेस शुरू करने की चुनौतियों और उनके समाधान भी बताए। इसके साथ ही इन्क्यूबेशन केंद्रों की भूमिका और स्टार्टअप शुरू करने से जुड़े कानूनी पहलुओं पर भी प्रकाश डाला गया, जिससे छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ। व्याख्यान के बाद आयोजित प्रश्न–उत्तर सत्र में छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने सवालों के जवाब प्राप्त किए। कार्यक्रम का संचालन विनय आर्य ने किया। इस अवसर पर प्रो. अर्चना सिंह (संयोजक, IQAC), प्रो. सीमा पंवार (अधिष्ठाता, छात्र कल्याण), प्रो. अनिल राठी (मुख्य प्रॉक्टर) सहित कई प्राध्यापक उपस्थित रहे। अन्य प्रमुख उपस्थितजनों में डॉ. ए.के. अग्रवाल, दीपक वर्मा, स्वाति पंवार, मिस मेघा शर्मा एवं डॉ. पंकज भारती शामिल रहे।

Leave a Reply