मेरठ के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय कृष्णपुरी नगर क्षेत्र के 53 बच्चों ने बुधवार को दिल्ली स्थित चिड़ियाघर का शैक्षिक भ्रमण किया। यह भ्रमण जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह द्वारा बच्चों से किए गए वादे को पूरा करने के लिए आयोजित किया गया था, जिससे बच्चे बेहद उत्साहित दिखे। इस दौरान बच्चों ने चिड़ियाघर में विभिन्न प्रकार के पशु-पक्षियों और उनकी प्रजातियों को करीब से देखा। उन्होंने जानवरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की, जिससे उनका यह दौरा मनोरंजन के साथ-साथ शैक्षिक रूप से भी सफल रहा।
पिछले माह, जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने विद्यालय के निरीक्षण के दौरान डिजिटल क्लास के शुभारंभ पर बच्चों से बातचीत की थी। उन्होंने बच्चों से टाइगर के बारे में पूछा था, जिस पर बच्चों ने बताया कि उन्होंने कभी टाइगर नहीं देखा है। इसके बाद जिलाधिकारी ने बच्चों को चिड़ियाघर ले जाने का वादा किया था और बीएसए को इस संबंध में निर्देश दिए थे। यह शैक्षिक भ्रमण जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मेरठ श्रीमती आशा चौधरी के मार्गदर्शन और नगर शिक्षा अधिकारी श्री जयप्रकाश सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनीत गुप्ता ने बताया कि जिलाधिकारी ने अपना वादा पूरा किया है। टूर को सफल बनाने में मधुसूदन कौशिक, दिलशाद अली, संजीव भारद्वाज, अनिरुद्ध शर्मा, हुमा शाहिद, प्रीति जैन, जाकिर और हरिओम सहित कई अन्य लोगों ने सहयोग किया।

Leave a Reply