मेरठ में भी पेट्रोल की किल्ल्त शुरू हो गई है। हापुड़ रोड स्थित भारत पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल खत्म हो गया है, जिसके कारण ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंप पर ‘पेट्रोल नहीं है’ का बोर्ड लगा दिया गया है और कई ग्राहक बिना तेल लिए वापस लौट रहे हैं। यह स्थिति तब है जब जिला प्रशासन ने शहर में पर्याप्त स्टॉक होने का दावा किया है। पेट्रोल पंप पर तेल लेने आए ग्राहकों में भारी नाराजगी देखी गई। एक ग्राहक ने बताया कि यह शहर का एक व्यस्ततम पेट्रोल पंप है, फिर भी यहां तेल नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी गाड़ी में तेल भरवाने के लिए कई पेट्रोल पंपों के चक्कर लगाने पड़े, लेकिन कहीं भी तेल नहीं मिला।
मथुरा से शाम तक मेरठ पहुंचेगी डिपो की गाड़ी
पेट्रोल पंप के कर्मचारी राजकुमार ने बताया कि कुछ देर पहले ही पेट्रोल खत्म हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेल की आपूर्ति में कोई कमी नहीं है, बल्कि उनकी गाड़ी तेल लेने गई हुई है। कर्मचारी ने आश्वासन दिया कि शाम तक पेट्रोल की खेप पहुंच जाएगी, जिसके बाद आपूर्ति सामान्य हो जाएगी। डीएम का दावा जिले मेंपेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं
एक ओर जहां जिला प्रशासन और जिलाधिकारी डॉ वीके सिंह ने मेरठ में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक होने का दावा किया है, वहीं दूसरी ओर हापुड़ रोड जैसे व्यस्त इलाके के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल खत्म होने की खबर जमीनी हकीकत को बयां करती है। यह स्थिति ग्राहकों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह का कहना है कि जनपद में 220 पेट्रोल पंप हैं। पेट्रोल पंप पर स्टॉक हैं। किसी पर खत्म हुआ है तो उनकी गाड़ी डिपो में लगी हैं। शहर में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। भारत पेट्रोलियम का डिपो मथुरा में होने की वजह से मेरठ गाड़ी पहुंचने में देरी हो जाती है।

Leave a Reply