DniNews.Live

मेरठ की CCSU में परीक्षा फॉर्म और हॉस्टल का हंगामा:छात्र नेता बोले- मार्कशीट रूकने से प्रभावित हो रहा छात्रों का भविष्य

मेरठ की CCSU में छात्र समस्याओं को लेकर जोरदार हंगामा देखने को मिला। परीक्षा फॉर्म भरने में आ रही तकनीकी दिक्कतों, हॉस्टल मेस में खराब खाने और बड़ौत स्थित लखमीचंद पटवारी कॉलेज के बीएड छात्रों की डिग्री लंबित होने के मुद्दे पर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा।
बड़ी संख्या में छात्र अपनी समस्याएं लेकर कैंपस पहुंचे और छात्र नेता विनीत चपराना व पूर्व छात्र संघ महामंत्री अंकित अधाना के नेतृत्व में प्रशासनिक भवन के सामने धरने पर बैठ गए। छात्रों ने जमीन पर बैठकर नारेबाजी की और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध जताया।
डिग्री न मिलने से नौकरी पर संकट
प्रदर्शन का सबसे गंभीर मुद्दा बड़ौत के लखमीचंद पटवारी कॉलेज के बीएड छात्रों का रहा। अल्पसंख्यक कोटे के तहत प्रवेश लेने वाले इन दर्जनों छात्र-छात्राओं को अब तक मूल अंकतालिका और डिग्री नहीं मिल सकी है। स्थिति यह है कि बिहार में शिक्षक पद पर चयन होने के बावजूद ये छात्र ज्वाइनिंग नहीं कर पा रहे हैं। डिग्री लंबित होने से उनकी सरकारी नौकरी पर संकट मंडरा रहा है।
छात्र नेता विनीत चपराना ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही और धीमी कार्यप्रणाली के कारण मेधावी छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है। विनीत चपराना ने कहा कि “छात्रों के करियर के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, जल्द से जल्द डिग्रियां जारी की जाएं।” वहीं अंकित अधाना ने कहा कि तकनीकी खामियों का खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।
हाईकोर्ट से भी नहीं मिली राहत
प्रदर्शनकारी छात्रों ने बताया कि वे पहले ही हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटा चुके हैं, लेकिन वहां से राहत न मिलने के बाद उन्हें दोबारा विश्वविद्यालय प्रशासन के पास आना पड़ा है। हंगामे की सूचना मिलते ही कुलपति कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। कई घंटों तक नारेबाजी और प्रदर्शन जारी रहा, जिससे परिसर का माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
प्रशासन ने बनाई कमेटी
काफी देर चले विरोध के बाद चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर वीरपाल सिंह मौके पर पहुंचे और छात्रों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद अधिकारियों और कुलपति के बीच हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि दो दिन बाद एक विशेष कमेटी गठित की जाएगी, जिसके सामने छात्र अपना पक्ष रखेंगे और उसी आधार पर निर्णय लिया जाएगा। छात्रों ने परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बिना विलंब शुल्क के बढ़ाने और शुल्क जमा होने के बावजूद पोर्टल पर अपडेट न होने की समस्या भी उठाई। वहीं आरके हॉस्टल के छात्रों ने मेस में मिल रहे खराब खाने को लेकर नाराजगी जताई, जिस पर प्रशासन ने जांच कराने का आश्वासन दिया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *