DniNews.Live

मेरठ की CCSU पर निगम का 12.86 करोड़ गृहकर बकाया:अधिकारियों ने दी सीलिंग की चेतावनी, बड़े बकायदारों पर अभियान चलाकर की जा रही कार्रवाई

मेरठ नगर निगम ने गृहकर बकायेदारों के खिलाफ अपना अभियान तेज करते हुए अब बड़े सरकारी संस्थानों पर भी सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) पर 12.86 करोड़ रुपये का गृहकर बकाया सामने आया है।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी एसके गौतम ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में नोटिस चस्पा कर दिया गया है और जल्द भुगतान न होने की स्थिति में सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बकाया वसूली में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी, चाहे बकायेदार सरकारी विभाग ही क्यों न हो। निगम द्वारा परिवहन विभाग, बिजली विभाग, पुलिस विभाग समेत कई सरकारी और निजी बड़े बकायेदारों की सूची भी तैयार कर ली गई है। इन सभी पर चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी। वहीं, 50 हजार रुपये से अधिक गृहकर बकाया रखने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को कंकरखेड़ा जोन में कर अधीक्षक अतुल कुमार के नेतृत्व में आठ दुकानों को सील किया गया, जिससे करीब 25 लाख रुपये की वसूली की गई। इसी तरह शास्त्रीनगर जोन में भी पांच दुकानों को सील करते हुए 22 लाख रुपये का राजस्व वसूला गया। निगम अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और बकाया जमा न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम का कहना है कि शहर में कर वसूली को लेकर अब ‘नो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जा रही है, ताकि राजस्व बढ़ाया जा सके और विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *