मुरादाबाद में युवक को गोली मारने वाले बाप-बेटे गिरफ्तार:पुलिस ने 24 घंटे में पकड़ा, वारदात में इस्तेमाल तमंचा बरामद
![]()
मुरादाबाद में युवक को गोली मारने वाले बाप-बेटे गिरफ्तार:पुलिस ने 24 घंटे में पकड़ा, वारदात में इस्तेमाल तमंचा बरामद
मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में एक युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पिता-पुत्र शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, उत्तमपुर बहलोलपुर गांव निवासी सोमपाल सिंह ने 4 अप्रैल को मझोला थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि उनके बेटे के सिर में जान से मारने की नीयत से गोली मारी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस तहरीर के आधार पर मझोला थाने में मुकदमा संख्या 333/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहित पुत्र कर्मवीर सिंह और उसके पिता कर्मवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी उत्तमपुर बहलोलपुर गांव के ही रहने वाले हैं। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं। पुलिस ने बताया कि घटना में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद कर लिया गया है। मझोला थाना पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और घटना के पीछे के कारणों की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में कुछ देर तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हालात सामान्य हो गए।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
