DniNews.Live

मुरादाबाद में युवक का शव फंदे पर लटका मिला:प्रतियोगी परीक्षा की कर रहा था तैयारी; पिता चलाते हैं टैक्सी

मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मिशन कंपाउंड में रविवार सुबह एक युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की पहचान 25 वर्षीय निखिल उर्फ मिंटू के रूप में हुई है। वह इंटरमीडिएट तक पढ़ाई करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। उसके पिता ज्ञान सिंह टैक्सी चालक हैं। परिजनों ने बताया कि शनिवार रात करीब दस बजे निखिल घर लौटा था। उसकी मां स्टेला ने उसे खाना खाने के लिए कहा, लेकिन उसने बाद में खाने की बात कहकर मना कर दिया और मां सोने चली गईं। रात में टहलने के बाद निखिल मकान की पहली मंजिल पर स्थित अपने कमरे में सोने चला गया। रविवार सुबह काफी देर तक निखिल के कमरे का दरवाजा नहीं खुला। जब मां उसे देखने ऊपर पहुंचीं, तो उन्होंने बेटे का शव फंदे से लटका देखा। यह देखकर वह सन्न रह गईं और उन्होंने शोर मचाया। घटना की जानकारी मिलने पर सिविल लाइंस पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसकी रिपोर्ट में फंदे से मौत होने की पुष्टि हुई है। पुलिस के अनुसार, परिजन अभी तक मौत के कारणों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक आर्थिक तंगी और बेरोजगारी के कारण मानसिक दबाव में था। परिवार में उसकी मां स्टेला और बड़ा भाई विमल हैं, जबकि उसकी दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है और वे मेरठ में रहती हैं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *