DniNews.Live

मुरादाबाद में देशी शराब पर अवैध वसूली:आबकारी विभाग और माफियाओं की मिलीभगत का आरोप, शासन को शिकायत

मुरादाबाद में बहुजन मुक्ति पार्टी (BMP) ने देशी शराब की दुकानों पर अवैध वसूली और अनियमितताओं को लेकर शासन को शिकायत भेजी है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि जिला आबकारी अधिकारी और शराब माफियाओं की मिलीभगत से आम जनता से तय कीमत से अधिक पैसे वसूले जा रहे हैं। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि 200 एमएल देशी शराब के क्वार्टर की निर्धारित कीमत 75 रुपये है, लेकिन दुकानों पर कथित रूप से 10 रुपये अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं। आरोप है कि यह राशि “पार्टी फंड” के नाम पर जबरन ली जा रही है, जिससे आम लोगों का आर्थिक शोषण हो रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि जनपद की लगभग 152 देशी शराब की दुकानों पर संचालित कैंटीनों में भारी अनियमितताएं हैं। कई जगह गंदगी, प्लास्टिक के गिलास, खराब पानी और निम्न गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। साथ ही, स्वास्थ्य और स्वच्छता मानकों का भी पालन नहीं हो रहा है। पार्टी का आरोप है कि कुछ प्रमुख स्थानों पर स्थित कैंटीनों से प्रतिदिन हजारों रुपये की अवैध वसूली की जा रही है, जिससे हर महीने लाखों रुपये का खेल हो रहा है। इससे राज्य सरकार को राजस्व का नुकसान होने की भी बात कही गई है। बीएमपी ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से इस संबंध में शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पार्टी ने शासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों व संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त, सभी कैंटीन संचालकों से जीएसटी का भुगतान सुनिश्चित कराने और नियमों के अनुसार संचालन कराने की मांग भी की गई है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *