DniNews.Live

मुरादाबाद जिला अस्पताल में ऑपरेशन के नाम पर अवैध वसूली:अपना दल ने दी चेतावनी, कहा- कार्रवाई न हुई तो भूख हड़ताल करेंगे

मुरादाबाद के जिला अस्पताल में मरीजों से ऑपरेशन के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। अपना दल (कमेरावादी) के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका को ज्ञापन सौंपकर डॉक्टर रविंद्र सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि तीन दिन में कार्रवाई न होने पर जिलाधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की जाएगी। ज्ञापन के अनुसार, 20 मार्च 2026 को दुर्गा नगर निवासी प्रवेश देवी, पत्नी रामवीर सिंह, इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंची थीं। आरोप है कि डॉक्टर ने ऑपरेशन के लिए उनसे 5 हजार रुपये की मांग की। जब उन्होंने पैसे देने में असमर्थता जताई, तो उन्हें गलत इंजेक्शन लगाने और ऑपरेशन खराब करने की धमकी दी गई। दबाव में आकर मरीज ने 1000 रुपये दे दिए। इसके अलावा टांके लगाने के लिए 4570 रुपये का सर्जिकल धागा भी अस्पताल के बाहर से मंगवाया गया। प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि मरीजों को दवाएं और अन्य सामान बाहर से खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिससे उनका आर्थिक शोषण हो रहा है। ज्ञापन में बिलारी क्षेत्र के ग्राम खडऊआ निवासी मुन्नी, पत्नी रामचरन, सहित अन्य मरीजों से भी इसी तरह पैसे लेने का आरोप लगाया गया है। कई मामलों में मरीजों को दवा और सर्जिकल सामग्री अस्पताल के बजाय बाहर से खरीदनी पड़ी। मंडल अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह मामला गरीब मरीजों के शोषण से जुड़ा है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इस मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्वास्थ्य विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है, इस पर सभी की नजर है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *