मुरादाबाद में ईदगाह में शनिवार को ईद-उल-फितर की नमाज 2 पालियों में शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। ईदगाह पर सुबह 7 बजे से ही नमाजियों की भारी भीड़ देखी गई। हालांकि, नमाज से पहले हुई बारिश की वजह से ईदगाह मैदान के कई हिस्सों में पानी भर गया और कीचड़ की स्थिति बन गई। इसके बावजूद नमाजियों का उत्साह कम नहीं हुआ। ईदगाह में ईद की नमाज़ नायब इमाम शहर मुफ़्ती फहद अली पढ़ाई। नमाज़ बाद क़ौम की तरक्की, आपसी भाईचारे और इत्तेहाद अमन की दुआ कराई गई। जिलाधिकारी अनुज सिंह और एसएसपी सतपाल अंतिल भारी फोर्स के साथ ईदगाह पर मौजूद रहे। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे ईदगाह इलाके को 11 सेक्टरों में बांटकर करीब 500 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। सड़क से लेकर छत तक पुलिस कर्मी तैनाम थे। इसके अलावा किसी भी हालात से निपटने के लिए ईदगाह के ठीक सामने एक अस्थाई कंट्रोल रूम भी बनाया गया था। पूरे इलाके की निगरानी के लिए ड्रोन की भी मदद ली गई। इसके अलावा पुलिस ने पूरे इलाके में सीसीटीवी का भी नेटवर्क तैयार किया था। नमाज के वक्त शहर के बाकी हिस्सों में पुलिस की टीमें लगातार राउंड पर रहीं।
नमाजियों की भीड़ को देखते हुए धर्मगुरुओं के आह्वान पर नमाज दो शिफ्ट में कराई गई। पहली नमाज सुबह 8:00 बजे और दूसरी 9:00 बजे अदा की गई। किसी को भी सड़क पर नमाज पढ़ने की परमिशन नहीं थी। नमाज के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया गया। वहीं, आवारा पशुओं की समस्या से निपटने के लिए 6 विशेष टीमें इलाके में लगातार सक्रिय रहीं। ताकि नमाजियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

Leave a Reply