मुजफ्फरपुर में 5 साल पहले 11 साल के बच्चे की गला दबाकर हत्या के आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी गुप्त सूचना के बाद उसी के घर से की गई। आरोपी पारू थाना क्षेत्र के लालू छपरा के नया गांव का रहने वाला है। वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी फरार था। घटना मई 2020 की है। जानकारी के मुताबिक, आम तोड़ने के विवाद में 11 साल के बच्चे की गला दबाकर हत्या की गई थी। मृत बच्चे की पहचान सोनू कुमार के रूप में हुई थी। सोनू के पिता योगेंद्र राम ने अपने पड़ोसी सुनील राम पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया था। लालू छपरा के नया गांव के रहने वाले योगेंद्र राम ने पुलिस को दिए गए शिकायत में कहा था कि 10 दिन पहले आम तोड़ने को लेकर मेरे बेटे सोनू के साथ गनौर राम का विवाद हुआ था। उस समय उसने हत्या करने की धमकी दी थी। सुनील राम, नरेश राम, बच्ची देवी समेत 10 लोगों ने मिल कर मेरे बेटे की गला दबा कर हत्या कर दी। योगेंद्र राम ने ये भी लिखा था कि 25 मई 2020 की शाम में गेहूं पिसवाने के लिए चक्की पर गया था। वापस आने के बाद गांव में टहलने गया, तभी घर वाले सोनू की खोजबीन करते हुए मेरे पास पहुंचे और कहा कि सोनू सुबह से गायब है। इसके बाद हम लोगों ने सोनू की खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। घर लौटकर देखा तो आंगन में पड़ी थी बेटे की लाश योगेंद्र राम ने बताया था कि खोजबीन के बाद जब हम लोग घर लौटे तो देखा कि मेरे बेटे सोनू की लाश आंगन में पड़ी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद मेरे बेटे की लाश उस वक्त घर के आंगन में फेंक दी, जब हम लोग अपने बेटे को ढूंढ रहे थे। सोनू के पिता के बयान पर पारू थाना में 26 मई 2020 को कुल 10 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था। सुनील इस केस में दूसरे नंबर का अभियुक्त था। पुलिस की जांच में 10 नामजदों में से कुछ लोगों का नाम हटाया गया था, लेकिन सुनील राम के खिलाफ पुलिस की पड़ताल चल रही थी। शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा कांड के अनुसंधानकर्ता सब इंस्पेक्टर सूर्यप्रकाश रंजन के अनुसार, ठोस खुफिया जानकारी के आधार पर सुनील की गिरफ्तारी की गई। अपर थानाध्यक्ष आलोक कुमार यादव ने बताया कि गिरफ्तार सुनील राम को शुक्रवार को स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा और न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि हमें जानकारी मिली थी कि हत्याकांड में 5 साल से फरार सुनील राम अपने घर आया हुआ है। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी की गई।
https://ift.tt/m5tiQRp
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply