मुजफ्फरपुर जंक्शन पर शुक्रवार को रनिंग स्टाफ संघ और लोको पायलटों ने अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन प्रदर्शन शुरू कर दिया। ऑल इंडिया रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के आह्वान पर बड़ी संख्या में लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और रनिंग स्टाफ क्रू लॉबी के पास एकत्र हुए और रेल मंत्री व रेल बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारी मंडल तबादले में कथित भेदभाव और पूर्व व्यवस्था बहाल करने की मांग पर अड़े हुए हैं। संघ का कहना है कि सोनपुर रेल मंडल के परिसीमन के बाद मुजफ्फरपुर-कर्पूरीग्राम सेक्शन को समस्तीपुर मंडल में शामिल कर दिया गया। इस बदलाव के बाद अन्य रेल कर्मचारियों को संयुक्त प्रक्रिया आदेश के तहत तबादले का विकल्प दिया गया, लेकिन रनिंग स्टाफ और लोको पायलटों को इससे वंचित रखा गया। इससे करीब 450 से अधिक रनिंग स्टाफ प्रभावित हुए हैं, जिनमें गहरी नाराजगी है। संघ के संगठन मंत्री बोले- रेलवे प्रशासन दोहरा मापदंड अपना रहा है संघ के संगठन मंत्री कपिल देव राय ने कहा कि रेलवे प्रशासन की ओर से दोहरा मापदंड अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकतर रेल कर्मचारियों को जेसीओ के तहत राहत दी गई, जबकि रनिंग स्टाफ और लोको पायलटों को इससे बाहर रखा गया। इसी वजह से कर्मचारियों को अनिश्चितकालीन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। तीन सूत्री मांगों पर अड़ा रनिंग स्टाफ संघ प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने तीन प्रमुख मांगें उठाईं। पहली मांग मुजफ्फरपुर जंक्शन पर पूर्व व्यवस्था बहाल करने की है। दूसरी मांग यह है कि मुजफ्फरपुर में सोनपुर और समस्तीपुर, दोनों मंडलों की क्रू लॉबी को पहले की तरह संचालित रखा जाए, जिससे रनिंग स्टाफ को कार्य निष्पादन में सुविधा हो और रेल परिचालन सुचारू बना रहे। तीसरी मांग मंडल परिसीमन के बाद उत्पन्न समस्याओं के समाधान से जुड़ी है। JPO जारी कर विकल्प देने की मांग संघ ने कहा कि मुजफ्फरपुर–कर्पूरीग्राम सेक्शन के समस्तीपुर मंडल में शामिल होने के बाद जिस प्रकार अन्य रेल कर्मचारियों को सोनपुर मंडल में रहने का विकल्प दिया गया, उसी तर्ज पर रनिंग स्टाफ के लिए भी तत्काल JPO जारी किया जाए। कर्मचारियों की मांग है कि जो कर्मी सोनपुर मंडल में रहना चाहते हैं, उन्हें वहां का विकल्प दिया जाए, जबकि शेष कर्मियों को समस्तीपुर मंडल में ही रखा जाए। प्रशासनिक तबादलों पर रोक की चेतावनी संघ के प्रांत सेक्रेटरी बृजम चौधरी ने स्पष्ट किया कि जब तक JPO जारी नहीं किया जाता, तब तक किसी भी रनिंग स्टाफ का प्रशासनिक तबादला नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि रेलवे प्रशासन ने उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।अनिश्चितकालीन प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और रनिंग स्टाफ के सदस्य शामिल हुए। आंदोलन के चलते मुजफ्फरपुर जंक्शन परिसर में दिनभर गहमागहमी का माहौल बना रहा।
https://ift.tt/gZalCuQ
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply