मुजफ्फरनगर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार को कूकड़ा चौक स्थित मधुर मिलन मैरिज हॉल में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नगर पालिका मुजफ्फरनगर द्वारा किया गया। कुल 85 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें जांच के बाद 74 जोड़ों को पात्र पाया गया और उनका विवाह संपन्न कराया गया। इनमें 54 मुस्लिम और 20 हिंदू समुदाय के जोड़े शामिल रहे। एक ही परिसर में हुए इस आयोजन में सांप्रदायिक सौहार्द का उदाहरण देखने को मिला। हिंदू जोड़ों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार सात फेरे लिए, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह धर्मगुरुओं द्वारा संपन्न कराया गया।
योजना के तहत नवविवाहित जोड़ों को उपहार भी दिए गए। दुल्हनों को चांदी की पाजेब, बिछिया, डिनर सेट, सिलाई मशीन और पंखा समेत अन्य घरेलू सामान प्रदान किया गया। समारोह में नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों ने खुशी जताते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया। लाभार्थियों ने कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण विवाह करना मुश्किल था, लेकिन इस योजना से उन्हें बड़ी मदद मिली है।
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए सहायक होने के साथ-साथ सामाजिक एकता का संदेश भी देती है।

Leave a Reply