DniNews.Live

मुजफ्फरनगर में 25 हजार का इनामी ठग गिरफ्तार:सऊदी अरब से लौटते ही पुलिस ने पकड़ा, करोड़ों की ठगी का खुलासा

मुजफ्फरनगर के थाना सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25,000 रुपये के इनामी और लंबे समय से फरार चल रहे धोखाधड़ी के आरोपी हाजी इकराम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर जैविक वर्मी कम्पोस्ट खाद के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, पांच अलग-अलग कंपनियों के सिम कार्ड और एक पासपोर्ट बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, 25 फरवरी 2025 को इन्द्रा कॉलोनी निवासी राजकुमार ने थाना सिविल लाइन में तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि हाजी इकराम और उसके साथियों ने “स्टेप फार्मिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड” कंपनी के नाम पर जैविक खाद बनाने का झांसा देकर उनसे लाखों रुपये की ठगी की। पैसे वापस मांगने पर उन्हें धमकियां भी दी गईं। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में पुलिस पहले ही आरोपी के दो साथियों जुनैद अंसारी और खालिद अंसारी को गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपी हाजी इकराम लगातार फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। गुरुवार को एक सूचना पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने मॉल रोड से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में हाजी इकराम ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी कंपनी बनाकर लोगों को निवेश के नाम पर बहकाया और करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की। आरोपी ने यह भी बताया कि पुलिस से बचने के लिए वह सऊदी अरब भाग गया था और ईद के मौके पर भारत लौटा था। पुलिस के अनुसार, हाजी इकराम एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और रुड़की (हरिद्वार) में कुल छह मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों तथा पूरे धोखाधड़ी नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *