मुजफ्फरनगर में “सुपोषित उत्तर प्रदेश, सशक्त भारत” अभियान के तहत 142 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन तथा ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस वितरित किए गए। इसी क्रम में 35 नव-निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र भवनों और 4 बाल विकास परियोजना कार्यालयों का भी लोकार्पण किया गया। यह कार्यक्रम लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उद्बोधन से जुड़ा था। मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण मुजफ्फरनगर के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में दिखाया गया। ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस वितरित स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल और एमएलसी वंदना वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी और राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष संदीप राठी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। जनप्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन और ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस वितरित किए। इस मौके पर डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि स्मार्टफोन मिलने से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का कार्य अधिक सरल, तेज और प्रभावी होगा। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को समाज की नींव बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। एमएलसी वंदना वर्मा ने कहा कि बच्चों के पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य देखभाल में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि स्मार्टफोन के माध्यम से वे योजनाओं की जानकारी, रिपोर्टिंग और लाभार्थियों तक सेवाओं की पहुंच को और बेहतर बना सकेंगी। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी समेत बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply