मुजफ्फरनगर के वहलना स्थित कम्पोजिट विद्यालय में ‘स्कूल चलो अभियान-2026’ का शुभारंभ किया गया। प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निरवाल और जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने छात्र-छात्राओं की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया और नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। साथ ही, छात्र-छात्राओं को शैक्षिक किट वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। जागरूकता रैली में बच्चों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर शिक्षा का संदेश दिया। “मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल चलकर नाम लिखाओ” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इससे अभिभावकों में भी बच्चों को स्कूल भेजने के प्रति जागरूकता बढ़ी। अपने संबोधन में कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि ‘स्कूल चलो अभियान’ केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की भागीदारी से चलने वाला जनआंदोलन है। उन्होंने जोर दिया कि कोई भी बच्चा मजदूरी या अन्य कारणों से शिक्षा से वंचित न रहे, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि जनपद में घर-घर सर्वे अभियान चलाकर स्कूल से बाहर बच्चों की पहचान की जाएगी। उनका पुनः नामांकन सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ईंट-भट्टों, मलिन बस्तियों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। अभिभावकों को बताया गया कि सरकार बच्चों को निःशुल्क यूनिफॉर्म, किताबें, स्कूल बैग, जूते-मोजे और मध्यान्ह भोजन जैसी सुविधाएं प्रदान कर रही है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से वंचित न रहे। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि वे घर-घर जाकर शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाएंगे और हर पात्र बच्चे का नामांकन सुनिश्चित करेंगे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply