मुजफ्फरनगर में बंदर-कुत्तों के आतंक पर प्रदर्शन:जुगलकिशोर की मौत के बाद लोगों ने दिया 7 दिन का अल्टीमेटम
![]()
मुजफ्फरनगर में बंदर-कुत्तों के आतंक पर प्रदर्शन:जुगलकिशोर की मौत के बाद लोगों ने दिया 7 दिन का अल्टीमेटम
मुजफ्फरनगर में बंदरों और आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से परेशान लोगों ने रविवार देर शाम प्रदर्शन किया। गांधी कॉलोनी की गली नंबर 13 में सैकड़ों लोग एकजुट हुए और नगर पालिका व वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। स्थानीय लोगों के अनुसार, लगभग छह दिन पहले बंदरों के हमले में जुगलकिशोर नामक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस घटना के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न होने से लोगों में भारी आक्रोश है। लगातार मिल रहे आश्वासनों से नाराज प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दी, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक इलाके में आवागमन बाधित रहा। सुभाषनगर, गांधी कॉलोनी और वर्मा पार्क के निवासियों ने इस प्रदर्शन में हिस्सा लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को सात दिन के भीतर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय-सीमा में कार्रवाई नहीं हुई, तो आठवें दिन बड़ी संख्या में लोग कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना देंगे। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने स्पष्ट किया कि उन्हें अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी कार्रवाई चाहिए। उन्होंने बंदरों और आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
