DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

मुख्य सचिव ने सुल्तानगंज-अगुवानी पुल का निरीक्षण किया:निर्माण में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए, 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य

बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत शनिवार को हेलिकॉप्टर से खगड़िया पहुंचे। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन सुल्तानगंज-अगुवानी घाट फोरलेन पुल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने पुल निर्माण कार्य में आ रही तकनीकी खामियों, समय सीमा और गुणवत्ता को लेकर कड़ा रुख अपनाया। मुख्य सचिव के दौरे के बाद स्थानीय लोगों में एक बार फिर पुल के समय पर पूरा होने की उम्मीद जगी है। गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के अगुवानी पहुंचने पर खगड़िया के प्रभारी जिलाधिकारी अभिषेक पलासिया, एसपी राकेश कुमार, खगड़िया सदर विधायक बब्लू मंडल, परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य, गोगरी एसडीओ कृतिका मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने बुके देकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। पुल के पिलर संख्या A2 फोरलेन के पास अस्थायी हेलीपैड बनाया गया था, जहां से वे चारपहिया वाहन से पिलर संख्या 9 के पास आयोजित समीक्षा बैठक स्थल तक पहुंचे। पुल संख्या 9 के पास हुई अहम समीक्षात्मक बैठक मुख्य सचिव की अध्यक्षता में पुल संख्या 9 के समीप समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड (बीआरपीएनएनएल) और पुल निर्माण कार्य कर रही एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन कंपनी के इंजीनियरों व अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने निर्माण कार्य में सामने आई तकनीकी खामियों को जल्द से जल्द दूर करने के निर्देश दिए और गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। 2026 तक एप्रोच पथ प्रभारी डीएम अभिषेक पलासिया ने पत्रकारों को बताया कि समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वर्ष 2026 तक भागलपुर और खगड़िया की ओर से फोरलेन एप्रोच पथ का कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। वहीं, मई 2027 तक अगुवानी–सुल्तानगंज गंगा पर निर्माणाधीन फोरलेन पुल का निर्माण कार्य पूर्ण करना अनिवार्य होगा।उन्होंने बताया कि अब इस परियोजना की निगरानी सीधे मुख्य सचिव स्तर से होगी और हर मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रगति की समीक्षा की जाएगी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, प्रशासन रहा मुस्तैद मुख्य सचिव के आगमन को लेकर पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल के जवानों के साथ-साथ परबत्ता बीडीओ संतोष कुमार पंडित, अंचलाधिकारी हरिनाथ राम सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त नजर आई। दो बार धराशायी हो चुका है सुपर स्ट्रक्चर, फिर जगी उम्मीद गौरतलब है कि सुल्तानगंज-अगुवानी गंगा पुल का सुपर स्ट्रक्चर साल 2022 और 2023 में दो बार धराशायी हो चुका है। इन घटनाओं के बाद सरकार और अधिकारियों को भारी आलोचना का सामना करना पड़ा था। परियोजना पर सवाल उठने लगे थे और लोगों का भरोसा डगमगा गया था।शनिवार को मुख्य सचिव के स्थल निरीक्षण और सख्त निर्देशों के बाद स्थानीय लोगों में एक बार फिर उम्मीद जगी है कि अब पुल निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरा हो सकेगा। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना सुल्तानगंज–अगुवानी घाट फोरलेन पुल बिहार सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है। इस परियोजना की प्रारंभिक लागत 1710.77 करोड़ रुपये आंकी गई थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 23 फरवरी 2014 को परबत्ता के एमडी कॉलेज मैदान में इसका शिलान्यास किया था, जबकि 9 मार्च 2015 को मुरारका कॉलेज, सुल्तानगंज से पुल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया था। उत्तर-दक्षिण बिहार को जोड़ेगा पुल, कांवरियों को मिलेगा लाभ इस पुल के बन जाने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच की दूरी काफी कम हो जाएगी। खासकर श्रावणी मेला के दौरान देवघर जाने वाले लाखों कांवरियों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही एनएच-31 और एनएच-80 आपस में जुड़ जाएंगे, जिससे क्षेत्रीय आवाजाही और व्यापार को भी नया आयाम मिलेगा।


https://ift.tt/C7J6epX

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *