पीलीभीत में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर वसीम रज़ा उर्फ ‘मिस्टर पीलीभीत’ द्वारा दलित समाज पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला गरमा गया है। रविवार को इस विवादित वीडियो के विरोध में वाल्मीकि समाज के सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए और शहर के मुख्य गैस चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम कर दिया। आरोपी वसीम रज़ा के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर वाल्मीकि समाज के युवाओं और प्रबुद्ध वर्ग ने गैस चौराहे को चारों तरफ से घेर लिया। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और ‘मिस्टर पीलीभीत’ पेज के संचालक को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की। इस प्रदर्शन के कारण घंटों तक यातायात बाधित रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हंगामे की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल के साथ आला अधिकारी मौके पर पहुँचे। वाल्मीकि समाज के लोगों का गुस्सा इस बात पर था कि आरोपी लगातार समाज के खिलाफ जहर उगल रहा है और पूर्व में भी हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणी कर चुका है। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाया और आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के ठोस आश्वासन के बाद ही प्रदर्शनकारी सड़क से हटने को तैयार हुए। यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब वसीम रज़ा ने पीलीभीत टाइगर रिजर्व के भ्रमण के दौरान एक वीडियो बनाया। इस वीडियो में उसने दलित समाज के लिए बेहद आपत्तिजनक और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। हिंदू महासभा के जिला अध्यक्ष पंकज शर्मा ने भी इस मामले में पहले ही आंदोलन की चेतावनी दी थी, जिसके बाद वाल्मीकि समाज के इस उग्र प्रदर्शन ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। कार्यवाही की मांग पर अड़ा समाज
वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि वसीम रज़ा जैसे लोग सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर समाज का सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही आरोपी के खिलाफ SC/ST एक्ट और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे जिले भर में बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। फिलहाल, पुलिस प्रशासन ने इलाके में एहतियातन गश्त बढ़ा दी है और वायरल वीडियो की साइबर सेल के माध्यम से जांच कराई जा रही है। सुनगढ़ी थाना अध्यक्ष नरेश त्यागी ने बताया कि मामले की जानकारी लगी है शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply