जनपद में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से 23 मार्च, सोमवार को पीपुल्स इंटर कॉलेज डुमरियागंज में मिशन शक्ति अभियान-5 (द्वितीय चरण) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन की उपस्थिति में मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस दौरान इंटर कॉलेज की छात्राओं ने अतिथियों का स्वागत किया और सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकार, सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत महिलाओं को साइबर सुरक्षा, विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, ताकि वे आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें। जिलाधिकारी ने कन्या सुमंगला योजना का भी उल्लेख किया, जिसके माध्यम से छात्राओं को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
साथ ही, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं तकनीकी शिक्षा के लिए स्मार्टफोन व टैबलेट भी दिए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि जनपद में वन स्टॉप सेंटर और सभी थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित हैं, जहां महिलाएं सहायता प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास से हर लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने अपने संबोधन में कहा कि मिशन शक्ति अभियान की शुरुआत नवरात्रि के अवसर पर की गई थी, जिसका उद्देश्य महिलाओं को जागरूक और सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों एवं साइबर सुरक्षा के प्रति सजग किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि जनपद के सभी थानों में मिशन शक्ति केंद्र एवं साइबर सेल स्थापित हैं, जहां महिलाएं अपनी समस्याओं का समाधान पा सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और उच्च पदों पर आसीन होकर समाज को दिशा दे रही हैं, इसलिए छात्राओं को भी उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। महिला थाना प्रभारी भाग्यवती पांडेय ने मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत छात्राओं को विस्तार से जानकारी देते हुए 1090, 181, 1076, 1098, 112, 102, 108 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है और किसी भी प्रकार के अत्याचार के खिलाफ चुप न रहकर आवाज उठानी चाहिए, ताकि समय रहते घटनाओं को रोका जा सके।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अपने विचार प्रस्तुत कर अन्य छात्राओं को भी जागरूक किया। अंत में बालिकाओं को प्रमाण-पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply