मिर्जापुर में मिशन शक्ति अभियान 5.0 के द्वितीय चरण के तहत जनपद पुलिस ने रविवार को एक मैराथन दौड़ का आयोजन किया। इस दौड़ का उद्देश्य महिलाओं के बीच सशक्तिकरण और जागरूकता को बढ़ावा देना था। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मैराथन दौड़ रमईपट्टी चौराहा से शुरू होकर पुलिस लाइन तक पहुंची। इस दौड़ में महिला आरक्षियों के साथ-साथ महिला उपनिरीक्षक और निरीक्षक स्तर की अधिकारियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से ‘नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। पुलिस विभाग के अनुसार, ऐसे आयोजन न केवल महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में उनके अधिकारों और सम्मान के प्रति जागरूकता भी फैलाते हैं। मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस लगातार विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक, महिला थाना प्रभारी, महिला सम्मान प्रकोष्ठ प्रभारी, डायल-112 प्रभारी, यातायात प्रभारी सहित कई अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। मीरजापुर पुलिस की यह पहल महिला सशक्तिकरण के प्रति सकारात्मक संदेश देने और लोगों को जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply