DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

मिर्जापुर में छठ पर घाटों पर तैनात रहेंगे मजिस्ट्रेट:चेंजिंग रूम, एंबुलेंस से लेकर गोताखोर रहेंगे तैनात, DM-SP ने ली बैठक

मिर्जापुर में छठ पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने जिले के प्रमुख घाटों पर 27 और 28 अक्टूबर के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। यह निर्णय अधिकारियों के साथ हुई एक बैठक में लिया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि छठ पर्व के दौरान गंगा घाटों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु और व्रती महिलाएं एकत्र होती हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखना आवश्यक है। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। गहरे पानी में स्नान और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में दुर्घटनाओं से बचाव के लिए पर्याप्त पुलिस बल, गोताखोर और बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर पालिका और नगर पंचायतों को घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चेंजिंग रूम और लाउडस्पीकर सिस्टम दुरुस्त करने को कहा गया है। विद्युत विभाग को घाटों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति और ढीले तारों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी को घाटों पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम और प्राथमिक उपचार से संबंधित सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मोबाइल चिकित्सा टीमों के संपर्क नंबर भी घाटों पर प्रदर्शित किए जाएंगे। प्रमुख घाटों पर तैनात किए गए मजिस्ट्रेटों में फतहा घाट पर बबीता सिंह और वाणी वर्मा, कचहरी घाट पर विवेक साहू और शिव प्रसाद, बरिया घाट पर गरिमा यादव और मुनीष कुमार सिंह, पक्का घाट पर रामदत्त प्रजापति, नारघाट पर राम विलास यादव, विंध्याचल घाट पर सतीश सिंह और बृजेश प्रताप यादव, चुनार बालू घाट पर इवेन्द्र तथा रैपुरिया घाट पर संजय कुमार सिंह शामिल हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, एएसपी नक्सल मनीष मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट विनीत उपाध्याय, उप जिलाधिकारी गुलाब चंद्र, अविनाश कुमार, महेन्द्र सिंह और राजेश वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


https://ift.tt/4BcThVN

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *