मिर्जापुर के जमालपुर थाना क्षेत्र में औरइया गांव के पास स्थित ध्रुवी इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडरों की चोरी हो गई। अज्ञात चोरों ने गोदाम का ताला तोड़कर 58 भरे हुए और 50 खाली सिलेंडर चुरा लिए। घटना मंगलवार सुबह सामने आई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। चोरों ने कुल 108 गैस सिलेंडरों के अलावा गैस ढुलाई में इस्तेमाल होने वाले मैजिक वाहन की एक बैटरी और एक जैक भी चुरा लिया। गोदाम का ताला टूटा हुआ मिलने पर एजेंसी संचालक जेपी सिंह को चोरी का पता चला। जेपी सिंह द्वारा सूचना दिए जाने पर जमालपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक पूछताछ की। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस वापस लौट गई और मामले की जांच जारी है। एजेंसी के रिकॉर्ड के अनुसार, चोरी से पहले गोदाम में कुल 102 भरे हुए और 587 खाली सिलेंडर रखे थे। सुबह मिलान करने पर 44 भरे और 537 खाली सिलेंडर ही शेष पाए गए, जिससे चोरी की पुष्टि हुई। इस संबंध में थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी तक इस घटना को लेकर कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद ही विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस चोरी की घटना के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। वहीं, इस वारदात के बाद क्षेत्रीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply