मिर्जापुर में आंधी से टूटा नेवढ़िया घाट का पीपा पुल:आवागमन बंद, 6 अप्रैल से बहाल होगा संचालन; 2 दिन पहले हुआ था शुभारंभ
![]()
मिर्जापुर में आंधी से टूटा नेवढ़िया घाट का पीपा पुल:आवागमन बंद, 6 अप्रैल से बहाल होगा संचालन; 2 दिन पहले हुआ था शुभारंभ
मिर्जापुर जिले में आई तेज आंधी के कारण नेवढ़िया घाट पर बना पीपा पुल टूट गया। गंगा में लहरों की गति बढ़ने से पुल के कुछ हिस्से अलग हो गए, जिसके बाद प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से पुल पर आवागमन अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि पुल की स्थिरता पर खतरा उत्पन्न होने के कारण यह निर्णय लिया गया। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद 6 अप्रैल से आवागमन दोबारा शुरू किया जाएगा। पुल को अगले दो दिनों के लिए बंद रखा गया है। यह पान्टून पुल हाल ही में क्षेत्रीय विधायक सुचिस्मिता मौर्या ने विधिवत शुभारंभ किया था। लाखों रुपये की लागत से बने इस पुल के क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोग पुल निर्माण के दौरान बरती गई लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। पुल बंद होने से स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह पुल आसपास के गांवों को नगर से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसके बंद होने से लोगों को लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, मरम्मत कार्य तेजी से कराया जा रहा है और निर्धारित समय के भीतर पुल को पूरी तरह सुरक्षित बनाकर फिर से चालू कर दिया जाएगा। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मरम्मत कार्य के दौरान गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
