समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक सड़क दुर्घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मालीनगर गांव के पास एक अनियंत्रित कार ने महिला को टक्कर मार दी। यह घटना रात करीब आठ बजे पूसा से कल्याणपुर मुख्य पथ पर मालीनगर गांव के समीप हुई। जानकारी के अनुसार, महिला अपने घर के पास खड़ी थी, तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने पहले एक बिजली के खंभे को टक्कर मारी, जिससे बिजली का तार टूट गया। इसके बाद कार सड़क से करीब 10 फीट अंदर आकर महिला को जोरदार टक्कर मारते हुए एक पेड़ से जा टकराई। कार की टक्कर से महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। उसे तत्काल पूसा के एक निजी क्लिनिक ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए समस्तीपुर रेफर कर दिया गया। समस्तीपुर में एक निजी क्लिनिक में महिला का इलाज जारी है। घायल महिला की पहचान मालीनगर पंचायत के वार्ड 13 निवासी लाल बाबू साह उर्फ गोखुल साह की लगभग 35 वर्षीय पत्नी रेणु देवी के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि कार चालक नशे की हालत में था। सूचना मिलने पर चकमेहसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार में सवार लोगों और चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा। थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घायल महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
https://ift.tt/UbJOxzG
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply