प्रयागराज में माफिया के गुर्गों की सरेआम गुंडई के मामले में अटाला चौकी प्रभारी सुरेंद्र कुमार यादव को सस्पेंड कर दिया गया है। आरोप है कि उन्होंने आदेश के बावजूद पर्याप्त सक्रियता नहीं दिखाई जिसके चलते बदमाशों ने बेखौफ होकर घटना को अंजाम दिया। इसके बाद समय रहते कार्रवाई भी नहीं की। इसी लापरवाही के चलते उन पर गाज गिरी है। उधर इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। इनके नाम शाह सऊद और फैज अख्तर हैं। दोनों नामजद आरोपी हैं। इस मामले में कुल छह नामजद व पांच अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। शाह सऊद असरौली के कुख्यात माशूक प्रधान का बेटा है। अतीक के गढ़ रहे इलाकों के बदमाश
अटाला के इलाहाबाद कबाब पराठा रेस्टोरेंट में हुई इस घटना में अतीक अहमद के गढ़ रहे हटवा, असरौली, सरैया गांव के बदमाशों के साथ-साथ नवाबगंज का एक ऐसा बदमाश भी शामिल था, जो डबल मर्डर में सजायाफ्ता है और वर्तमान में बेल पर है। घटना 17 मार्च की रात 11:30 बजे की है। रूदापुर के रहने वाले 45 साल के प्रॉपर्टी डीलर मुजम्मिल ने बताया था, मैं अपने मामा मुहम्मद जसीम के साथ खुल्दाबाद के अटाला में इलाहाबाद कबाब पराठा की दुकान पर गया था। वहां काफी भीड़ थी और रेस्टोरेंट कर्मचारियों ने इंतजार करने को कहा तो मैं बिलिंग काउंटर के पास खड़ा हो गया। बोले-आज तुझे जिंदा नहीं छोड़ेंगे
तभी वहां नवाबगंज का रहने वाला मो. साकिब आया। उसके साथ 10-12 लोग थे। आते ही उसने गालीगलौज शुरू कर दी। मैंने विरोध किया तो मुझे घसीटकर पीटना शुरू कर दिया। तब तक उसके साथी भी आ गए और सभी ने घेरकर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। भरे रेस्टोरेंट में भीड़ के सामने हमलावर मुझे पीटते रहे। बचने के लिए नीचे भागा तो वहां भी आकर पीटा। मारते हुए धमकाते भी रहे कि आज तुझे जिंदा नहीं छोड़ेंगे। अधमरा करने के बाद सभी वहां से भाग निकले। इस घटना में मुझे काफी चोटें पहुंचीं। दोहरे हत्याकांड को दे चुका है अंजाम
पीड़ित ने बताया था, साकिब से उसका जमीन का विवाद चल रहा है, जिस पर कई मुकदमे दर्ज हैं। 2011 में उसने नवाबगंज में ही डबल मर्डर की वारदात को अंजाम दिया था। इसमें उसे सजा भी हुई और वर्तमान में वह बेल पर है। हमला करने वालों में असरौली के कुख्यात माशूक प्रधान का बेटा शाह सऊद भी शामिल था।
इसके अलावा फैज अख्तर निवासी हटवा, मो. आमिर निवासी असरौली, मो. हंजला निवासी तालाब तिवारी व मो. अम्मार निवासी सरैया के अलावा 4-5 अज्ञात लोग शामिल थे। सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। इसमें आरोपी प्रॉपर्टी डीलर को घेरकर पीटते दिखाई देते हैं। यह भी दिखाई दे रहा है कि इस घटना से रेस्टोरेंट में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया था। पीड़ित ने बताया कि उसने घटना के बाद डायल112 पर सूचना दी तो पुलिस आई। एसीपी रवि कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है। उधर डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि लापरवाही पाए जाने पर चौकी प्रभारी को निलंबित किया गया है।

Leave a Reply