DniNews.Live

मां के श्रृंगार बाद हुई मंगलारती, घर-घर हुआ कन्या पूजन:चैत्र नवरात्र का हुआ समापन, शहर भर में होंगे भंडारे

शहर में आज सुबह से ही मंदिरों में पूजन-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने धूप, दीपक और चुनरी के साथ माता की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
आज चैत्र नवरात्रि का आखिरी यानी नौवां दिन है, जो मां सिद्धिदात्री को समर्पित होता है। इस अवसर पर शहर के प्रमुख मंदिरों में सुबह मंगल आरती के बाद विधि-विधान से पूजन किया गया और माता का भव्य श्रृंगार किया गया। शहर के चामुंडा देवी मंदिर, कालीबाड़ी मंदिर और कैला देवी मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं ने माता का पूजन कर हलवा-चना का भोग अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिरों में दर्शन और पूजन के बाद श्रद्धालु अपने घर पहुंचे, जहां उन्होंने कन्या पूजन किया। छोटी बच्चियों को माता का स्वरूप मानकर उनके पैर धोए गए, तिलक लगाया गया और उन्हें भोजन कराया गया। इस दौरान हलवा-चना का प्रसाद वितरित किया गया।
वहीं कई स्थानों पर मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने प्रसाद वितरित किया। शहर में आज जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में लोगों को प्रसाद वितरित किया जाएगा। पूरे दिन धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *