महोबा में LIC-डाकघर के नाम पर ठगी:एजेंट लाखों लेकर फरार, 200 दुकानदारों की शिकायत
![]()
महोबा में LIC-डाकघर के नाम पर ठगी:एजेंट लाखों लेकर फरार, 200 दुकानदारों की शिकायत
महोबा के पनवाड़ी थाना क्षेत्र में डाकघर और एलआईसी के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। एक एजेंट करीब 200 छोटे दुकानदारों और ग्रामीणों से लाखों रुपये की ठगी कर फरार हो गया है। पीड़ितों का आरोप है कि स्थानीय पुलिस कार्रवाई करने के बजाय उनके साथ अभद्रता कर रही है। यह सनसनीखेज मामला पनवाड़ी कस्बा से जुड़ा है, जहां तिवारीपुरा निवासी अरविंद गुप्ता उर्फ शेरू नामक एजेंट डाकखाना आरडी और एलआईसी बीमा पॉलिसियों के नाम पर रोजाना किस्तें वसूलता था। वह छोटे-मोटे दुकानदारों और ग्रामीणों से उनकी मेहनत की कमाई जमा करवाता था। पीड़ितों के अनुसार, जब पॉलिसियों के परिपक्वता का समय आया, तो आरोपी लाखों रुपये समेटकर फरार हो गया। चाय बेचने वाले विकलांग हरिशंकर जैसे कई गरीब लोग अपनी गाढ़ी कमाई के 300 रुपये प्रतिदिन शेरू को देते थे, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित रहे, लेकिन अब वे ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। अशोक कुमार अग्रवाल ने बताया कि उनकी 2 लाख 15 हजार रुपये की आरडी और लगभग 2 लाख रुपये की बीमा पॉलिसी का पैसा जमा ही नहीं किया गया। मोहम्मद रईस और हरिशंकर जैसे अन्य पीड़ितों की भी यही स्थिति है, जिनकी लाखों की बचत एजेंट लेकर भाग गया।
न्याय की उम्मीद में जब पीड़ित पनवाड़ी थाने पहुंचे, तो उन्हें कथित तौर पर राहत की जगह फटकार मिली। पीड़ितों का आरोप है कि थाना पुलिस ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उन्हें थाने से भगा दिया। आरोपी के पिता ने पहले पैसे लौटाने का वादा किया था, लेकिन अब वह पीड़ितों को फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी दे रहा है। इस स्थिति में, लगभग 20 पीड़ित अपनी आपबीती सुनाने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए और उनकी मेहनत की कमाई वापस दिलाई जाए।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
