महोबा के बिलबई गांव में एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत अब हत्या में बदल गई है। 50 साल की श्यामवती की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली मारकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। उनके शरीर में छर्रे मिले हैं। परिजनों ने इस मामले में महिला के सगे दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। शहर कोतवाली क्षेत्र के बिलबई गांव में श्यामवती का शव खेत पर फसल काटते समय मिला था। शुरुआत में परिजनों ने सांप के काटने की आशंका जताई थी, लेकिन सीने पर मिले घाव ने संदेह पैदा कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद कराए गए एक्स-रे में श्यामवती के सीने और पेट के ऊपरी हिस्से में गोली के कई छर्रे पाए गए। इससे यह स्पष्ट हो गया कि महिला की मृत्यु गोली लगने से हुई है। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने भी 12 बोर के तमंचे के छर्रे मिलने की पुष्टि की है। मृतका के परिजनों ने हत्या का आरोप उनके दामाद भूपेंद्र पर लगाया है। परिजनों के अनुसार, भूपेंद्र की पत्नी मीरा अपने बेटे के साथ मायके आई थी और बाद में लापता हो गई थी। इसी बात को लेकर दामाद ने ससुराल पक्ष को जान से मारने की धमकी दी थी।
मृतका के बेटे नीरज और बहू रोशनी ने बताया कि भूपेंद्र पहले भी धमकी दे चुका था और उन्होंने ही इस वारदात को अंजाम दिया है। ग्रामीणों ने भी आरोपी और परिवार के बीच पहले विवाद होने की बात कही है। सीओ सिटी अरुण कुमार ने जानकारी दी कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। दामाद से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है। उन्होंने जल्द ही घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply