महोबा में मेमो ट्रेन से गिरने के कारण 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक गुटखा थूकने के दौरान चलती ट्रेन के दरवाजे से नीचे गिर गया। वह अपने पिता के साथ इलाज के लिए झांसी जा रहा था। यह घटना महोबा के मोहल्ला भटीपुरा निवासी लल्लू के साथ हुई। लल्लू बीमार था और उसके पिता जयपाल उसे बेहतर इलाज के लिए मेमो ट्रेन से झांसी ले जा रहे थे। पिता जयपाल के अनुसार, ट्रेन जब घुटई स्टेशन से आगे बढ़कर दिदौरा रेलवे गेट के पास पहुंची, तब लल्लू मुंह में भरा गुटखा थूकने के लिए बोगी के दरवाजे की ओर बढ़ा। ट्रेन में भीड़ अधिक थी। इसी दौरान अचानक लगे एक धक्के या संतुलन बिगड़ने के कारण लल्लू सीधे पटरी पर जा गिरा। यात्रियों ने चीख-पुकार सुनकर ट्रेन रुकवाने की कोशिश की, लेकिन ट्रेन सीधे हरपालपुर स्टेशन पर जाकर रुकी। हादसे की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस बुलाई गई। परिजन और अन्य लोग जब मौके पर पहुंचे, तो लल्लू घायल अवस्था में पड़ा था। बताया जा रहा है कि वह उस वक्त होश में था और उसने किसी के द्वारा धक्का दिए जाने की बात भी कही। उसे तुरंत जैतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से भटीपुरा मोहल्ले में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर दिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। यह घटना हर उस यात्री के लिए चेतावनी है जो सफर के दौरान अपनी सुरक्षा को ताक पर रखते हैं।

Leave a Reply