DniNews.Live

महिला से फेसबुक पर 13 हजार रुपए की साइबर ठगी:सस्ते लहंगे का लालच दिया, पुलिस बनकर जेल भेजने की धमकी

बाराबंकी में एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। फेसबुक पर सस्ते लहंगे के विज्ञापन के झांसे में आकर महिला ने लगभग 13 हजार रुपये गंवा दिए। ठगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला को कानूनी कार्रवाई की धमकी दी, जिससे डरकर उसने बार-बार पैसे भेजे। यह घटना रविवार, 22 मार्च को हुई। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहरी पुरवा पैसार देहात की गीता देवी पत्नी रवि यादव फेसबुक पर ‘ITZ GOLDEN FASHION’ नामक एक साइट पर महंगे लहंगों पर भारी छूट का विज्ञापन देख रही थीं। विज्ञापन में लहंगा 1400 रुपये का बताया गया था, जिसमें 250 रुपये ऑनलाइन एडवांस देकर बुकिंग करनी थी।
सस्ते दाम के लालच में गीता देवी ने 250 रुपये का भुगतान कर ऑर्डर बुक कर दिया। सोमवार सुबह उनके व्हाट्सएप पर +919257520404 नंबर से डिलीवरी का मैसेज आया। इसके बाद मोबाइल नंबर 6375822910 से कॉल कर डिलीवरी कन्फर्म करने के नाम पर 1000 रुपये और मांगे गए। गीता देवी ने 1000 रुपये भेज दिए। इसके बाद ठगों ने 2000 रुपये की और मांग की। जब गीता देवी ने इसका कारण पूछा, तो साइबर अपराधियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया। उन्होंने महिला पर गलत साइट चलाने का आरोप लगाते हुए परिवार सहित जेल भेजने की धमकी दी। इस धमकी से डरकर महिला ने किश्तों में कुल 13,000 रुपये ठगों द्वारा बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। ठगों ने दोबारा 7000 रुपये की मांग की, जिसके बाद महिला ने अपने भाई को पूरी घटना बताई। उन्होंने बाराबंकी के साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस उन मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है जिनके जरिए इस ठगी को अंजाम दिया गया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *