फतेहपुर जिले की सदर कोतवाली पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर लेखपाल समेत तीन लोगों के खिलाफ चलती कार में दुष्कर्म, लूट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सदर कोतवाली क्षेत्र की निवासी महिला ने अपनी तहरीर में बताया कि वह अपनी 8 वर्षीय बेटी के भविष्य और विवाह के लिए एक प्लॉट खरीदना चाहती थी। इसी सिलसिले में उसकी मुलाकात अतुल कुमार कोरी से हुई, जो पेशे से लेखपाल हैं और वर्तमान में खागा तहसील में तैनात हैं। महिला के अनुसार, अतुल कुमार कोरी ने उसे प्रयागराज हाईवे लखनऊ बाईपास के पास 20×40 का एक प्लॉट दिखाया, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई। विश्वास में आकर महिला ने उन्हें 2,50,000 रुपये अग्रिम राशि के तौर पर दे दिए। महिला ने आरोप लगाया कि बीते शनिवार को लेखपाल ने उस पर प्लॉट का बैनामा कराने का दबाव डाला। जब महिला ने शेष 7,50,000 रुपये की व्यवस्था न होने की बात कही और कुछ समय मांगा, तो लेखपाल ने कहा कि वह यह प्लॉट किसी और को दे देंगे और उसे दूसरी जगह कम कीमत में प्लॉट दिखा देंगे। इसके बाद, महिला ने बताया कि 22 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 10 बजे अतुल कुमार कोरी अपनी काले रंग की कार (से अपने चालक के साथ उसके घर आए। वे उसे प्लॉट दिखाने के बहाने अपने साथ ले गए। रास्ते में लेखपाल ने महिला से कहा कि प्लॉट नगर पालिका क्षेत्र में है, इसलिए वह नकद धनराशि और अपने घर के कागजात साथ ले ले ताकि उसी दिन एग्रीमेंट कराया जा सके। इस पर महिला अपने पति और पिता द्वारा दिए गए लगभग 2,50,000 रुपये, अपने घर के कागजात और मोबाइल फोन लेकर उनके साथ चली गई। जैसे ही वाहन कुंवरपुर मोड़ से बिंदकी क्षेत्र की ओर मुड़ा, महिला ने विरोध करते हुए गाड़ी रोकने को कहा और स्पष्ट किया कि वह शहर से दूर कोई प्लॉट नहीं लेना चाहती। पीड़िता ने आरोप लगाया कि लेखपाल अतुल कुमार कोरी ने जबरन दबाव बनाकर उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जबरन बिंदकी रोड की ओर ले जाया गया। उस समय गाड़ी में लेखपाल, उसका चालक और एक अन्य व्यक्ति मौजूद थे। महिला का आरोप है कि गाड़ी के अंदर ही लेखपाल ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके अलावा आरोपी ने उसके पास मौजूद करीब 25 लाख रुपये नकद, घर के मूल कागजात और मोबाइल फोन भी छीन लिया। शिकायत पर दी जान से मारने की धमकी पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद आरोपी ने उसे और उसकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी। उसने कहा कि उसका पति सूरत में रहता है और पिता भी बाहर रहते हैं, ऐसे में वह घर पर अकेली है। डर के कारण वह तत्काल किसी को घटना के बारे में नहीं बता सकी। पीड़िता के अनुसार, उसके चेहरे पर नाखून के निशान और हाथों पर गंभीर चोटें अब भी मौजूद हैं। उसने कहा कि इस घटना ने उसे मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से तोड़ दिया है, लेकिन अब उसने न्याय के लिए आवाज उठाने का फैसला किया है। पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर लेखपाल अतुल कुमार कोरी को नामजद करते हुए और दो अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच अवनीश कुमार मिश्रा को सौंपी गई है।

Leave a Reply