महिलाओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन किया:औरैया में प्रबुद्ध महिलाओं ने बताया ऐतिहासिक कदम


                 महिलाओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन किया:औरैया में प्रबुद्ध महिलाओं ने बताया ऐतिहासिक कदम

महिलाओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन किया:औरैया में प्रबुद्ध महिलाओं ने बताया ऐतिहासिक कदम

औरैया में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में समाजसेवी और प्रबुद्ध महिलाओं द्वारा चौधरी विशंभर सिंह भारतीय बालिका विद्यालय इंटर कॉलेज में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा जगत से जुड़ी प्रमुख हस्तियों और समाजसेवियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य गीता चतुर्वेदी, वी.वी.एस. विद्यापीठ औरैया की प्रधानाचार्या रमनीक कौर, एस.बी.एस. मेमोरियल विद्यालय औरैया की प्रधानाचार्य चित्रा अवस्थी के साथ समाजसेवी ज्योति शुक्ला और दीप्ति द्विवेदी उपस्थित रहीं। इस अवसर पर गीता चतुर्वेदी ने कहा कि सरकार द्वारा आरक्षण के माध्यम से महिलाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया है। उन्होंने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में युगांतरकारी कदम बताते हुए कहा कि यह केवल प्रतिनिधित्व बढ़ाने तक सीमित नहीं, बल्कि नीति निर्माण को अधिक समावेशी, संवेदनशील और प्रभावी बनाने की दिशा में ठोस पहल है। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम का शीघ्र और प्रभावी क्रियान्वयन महिलाओं को नीति की लाभार्थी से नीति निर्माता बनने का अवसर देगा, जो विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला साबित होगा। उन्होंने यह भी बताया कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा, जल और स्वच्छता जैसे विषयों को अधिक प्राथमिकता मिलेगी। प्रधानाचार्या रमनीक कौर ने कहा कि महिलाओं के जीवन में गरिमा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रयास किए गए हैं, जिससे यह अधिनियम और अधिक प्रभावी रूप से लागू हो सकेगा। उन्होंने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की संख्या बढ़ने से वे योजनाओं को प्रभावी बनाने और नई नीतियों के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। उन्होंने इसे केवल एक संवैधानिक व्यवस्था नहीं, बल्कि ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को गति देने वाला निर्णायक कदम बताया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘महिला नेतृत्व वाले विकास’ के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहल देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Puri Khabar Yahan Padhein