महराजगंज जिले के अमोडा स्थित इंडियन गैस एजेंसी पर रविवार को गैस सिलेंडर की किल्लत के कारण उपभोक्ताओं में आक्रोश देखा गया। बड़ी संख्या में उपभोक्ता सुबह से ही गैस मिलने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन अधिकांश को खाली हाथ लौटना पड़ा। बरगदवा माधोपुर निवासी राम सबारे ने बताया कि 7 मार्च को गैस बुकिंग के बाद एजेंसी ने ओटीपी ले लिया था, लेकिन उन्हें अब तक सिलेंडर नहीं मिला है। वहीं, घुघली निवासी आदर्श ने शिकायत की कि 3 मार्च को बुकिंग के बाद वे लगातार तीन दिनों से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, फिर भी गैस उपलब्ध नहीं हो रही है। पटखौली के अरुण कुमार सिंह और भरवलिया की पुष्पा देवी ने भी बुकिंग और ओटीपी के बावजूद सिलेंडर न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। सूत्रों के अनुसार, जिले में गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण हो रहा है। इसमें जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है।
मामले में सदर उपजिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने एजेंसी की जांच कराने की बात कही है। वहीं, जिला पूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं को टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है।

Leave a Reply